#हनुमान_प्रतिमा_लगाने_का_मामला..
भरतपुर। रूपवास पंचायत समिति की ग्राम पंचायत महलपुर चूरा के सरपंच संजय कुमार ने एक वीडियो जारी कर अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया है। संजय कुमार के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को कुछ उपद्रवियों ने बाबा साहेब डॉ. बी.आर. अंबेडकर के नाम आवंटित भूमि पर रात में बजरंगबली की प्रतिमा रख दी थी। इसकी सूचना उन्होंने तुरंत प्रशासन को दी, जिससे समय रहते विवाद टल गया। सरपंच का आरोप है कि इस कार्रवाई से नाराज होकर गांव के ही लोग उनकी जान के दुश्मन बन गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग क्षेत्र के भू-माफिया हैं, जो सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण करना चाहते हैं और अब उनके घर की रेकी कर रहे हैं। सरपंच ने शासन-प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि उनके या उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसके जिम्मेदार वीडियो में नामित लोग होंगे।