जमुई में अधिकारियों का औचक निरीक्षण, डीएम ने बच्चों को पढ़ाया
जमुई। बरहट प्रखंड में जिला पदाधिकारी ने तीन सरकारी स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कक्षा में बच्चों को पढ़ाया, सवाल पूछकर उनके ज्ञान का स्तर परखा और मिड-डे मील की गुणवत्ता जांचने के लिए बच्चों के साथ बैठकर भोजन भी किया। स्कूलों में शिक्षकों की उपस्थिति, पढ़ाई, शौचालय, बिजली और अभिलेखों की भी जांच की गई।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर एसडीओ ने सतायन स्थित सरस्वती विद्या निकेतन का निरीक्षण कर कक्षा 9वीं और 10वीं के बच्चों को पढ़ाया। वहीं वरीय अधिकारियों ने मॉडल स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।
इधर, सिकंदरा प्रखंड के इटासागर पंचायत में नारी अदालत की बैठक और सखी वार्ता कार्यक्रम आयोजित हुआ। महिलाओं को घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना और बाल विवाह के खिलाफ जागरूक किया गया। महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी देने के साथ नारी अदालत की चयनित सदस्यों को ड्रेस वितरित की गई।
Sono, Jamui | Sep 4, 2026