रुद्रप्रयाग में 27वां शौर्य दिवस आयोजित, कारगिल के अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि!!
कारगिल विजय दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग की ओर से रुद्रप्रयाग मुख्यालय स्थित सिख रेजीमेंट के बास्केटबॉल ग्राउंड में 27वें शौर्य दिवस का आयोजन पूरे सम्मान और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनके अदम्य साहस और बलिदान को याद किया गया।
समारोह में जिलाधिकारी, केदारनाथ विधायक आशा नौटियाल, पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर, पूर्व सैनिक, पूर्व सैनिकों के आश्रित तथा कारगिल युद्ध में शहीद हुए रुद्रप्रयाग जनपद के तीन वीर सैनिकों के परिजन मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। वर्ष 1999 में भारत और पाकिस्तान के बीच लड़े गए कारगिल युद्ध में भारतीय सेना ने दुर्गम पहाड़ियों पर दुश्मन को परास्त कर विजय हासिल की थी। इस युद्ध में देश के 527 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया, जबकि एक हजार से अधिक सैनिक घायल हुए। उत्तराखंड के 75 वीर सैनिकों ने भी मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर किए, जिनमें रुद्रप्रयाग जनपद के तीन वीर सपूत भी शामिल थे।
वक्ताओं ने कहा कि शौर्य दिवस केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और देश सेवा की भावना जागृत करने का भी माध्यम है। कार्यक्रम के अंत में सभी ने अमर शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।