मेडिकल स्टोरों पर पुलिस का औचक निरीक्षण, नशीली दवाओं की बिक्री पर सख्त चेतावनी
डबवाली।
नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत डबवाली पुलिस ने मंगलवार को शहर के विभिन्न मेडिकल स्टोरों पर विशेष जांच अभियान चलाया। अभियान का उद्देश्य नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री पर रोक लगाना, दवा विक्रेताओं को नियमों के प्रति जागरूक करना और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना रहा। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि थाना शहर डबवाली के प्रभारी निरीक्षक अवतार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि बिना वैध चिकित्सकीय पर्ची के किसी भी नशीली या प्रतिबंधित दवा की बिक्री न करें तथा सभी दवाओं का रिकॉर्ड नियमानुसार सुरक्षित रखें। पुलिस ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी। पुलिस ने संचालकों को अपने प्रतिष्ठानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने और उनकी रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का आग्रह किया गया। पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज अपराधों की रोकथाम और घटनाओं के त्वरित खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि नशीली दवाओं के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशीली दवाओं या मादक पदार्थों की अवैध बिक्री की जानकारी मिलने पर मानस पोर्टल, हेल्पलाइन **1933**, डबवाली पुलिस के मोबाइल नंबर **9138999748** या निकटतम पुलिस थाना/चौकी को सूचना दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
********************************
कालुआना मारपीट मामले में दोनों पक्षों के 6 आरोपी गिरफ्तार, हथियार भी बरामद
डबवाली।
गांव कालुआना में हुए आपसी संघर्ष के मामले में चौकी गोरीवाला पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त डंडे व अन्य हथियार भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 29 जुलाई को गांव कालुआना में दो पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर चौकी गोरीवाला प्रभारी एएसआई जगपाल सिंह की टीम ने दोनों पक्षों के बयान, मेडिकल रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच शुरू की। पहले पक्ष ने युवती पर अभद्र टिप्पणी का विरोध करने पर मारपीट तथा बाद में दोबारा हमला कर मोटरसाइकिलों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने नरेंद्र, रणजीत और रजत को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरे पक्ष ने पुरानी रंजिश के चलते करियाना दुकान के बाहर हमला कर मारपीट करने की शिकायत दी थी। इस मामले में पुलिस ने राजेंद्र कुमार, रवि और विकास को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगामी कार्रवाई की जा रही है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच जारी है। डबवाली पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और प्रत्येक मामले में निष्पक्ष व साक्ष्य आधारित जांच सुनिश्चित की जाएगी।
Sirsa, Sirsa | Aug 4, 2026