अल्टीमेटम खत्म, किसानों का गुस्सा फूटा: बिजली निगम कार्यालय घेरा, प्रधानमंत्री व गृह मंत्री के पुतले फूंके
- वैदवाला के किसानों की दो टूक: पूरा मुआवजा नहीं मिला तो 15 अगस्त को होगा बड़ा ऐलान, प्रशासन ने चढ़ूनी से साधा संपर्क
सिरसा।
बिजली टावर के लिए अधिग्रहित भूमि के मुआवजे को लेकर वैदवाला के किसानों का आक्रोश मंगलवार को खुलकर सामने आया। प्रशासन को दिए गए एक सप्ताह के अल्टीमेटम की अवधि समाप्त होते ही किसानों और ग्रामीणों ने बरनाला रोड स्थित बिजली निगम कार्यालय का घेराव किया तथा प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के पुतले जलाकर सरकार व प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस ने कार्यालय के मुख्य द्वार को पहले ही बंद कर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। किसान सुबह से लघु सचिवालय के मुख्य द्वार पर धरने पर बैठे रहे। दोपहर करीब दो बजे वे जुलूस के रूप में वाहनों से बिजली निगम कार्यालय पहुंचे, जहां पुतला दहन किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय परिसर में प्रवेश करने से रोक दिया।
किसान नेता मैक्स साहूवाला ने कहा कि प्रशासन को स्पष्ट संदेश दे दिया गया है कि किसानों को उनकी जमीन का पूरा और न्यायसंगत मुआवजा दिया जाए। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढ़ूनी से संपर्क किया है और जल्द ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय की संभावना जताई है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो 15 अगस्त को बड़ा आंदोलनात्मक निर्णय लिया जाएगा। उनका कहना है कि वे पिछले कई दिनों से लघु सचिवालय के बाहर लगातार धरना देकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग उठा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। प्रदर्शन में खेत मालिक भूपेंद्र सिंह वैदवाला, किसान नेता हरप्रीत सिंह, मैक्स साहूवाला सहित बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण मौजूद रहे। किसानों ने दोहराया कि जब तक उचित मुआवजा नहीं मिलेगा, उनका आंदोलन जारी रहेगा।
Sirsa, Sirsa | Aug 4, 2026