समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों ने साझा किए यादगार अनुभव
मुजफ्फरपुर: बीपी इन्द्रप्रस्थ इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित सात दिवसीय समर कैंप का समापन समारोह सोमवार को उत्साह एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राएं स्विमिंग पूल एरिया में एकत्रित हुए और संगीत, नृत्य तथा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि विद्यालय की चेयरपर्सन श्रीमती दिव्या एवं निदेशक श्री सुमन कुमार थे। उनके आगमन पर उपस्थित बच्चों ने जोरदार तालियों से उनका स्वागत किया। तत्पश्चात विद्यालय के संयुक्त निदेशक श्री अक्षय कुमार ने उन्हें फ्लावर पॉट भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा प्रस्तुत प्रेरणादायक गीत एवं जोशीले जुम्बा डांस से हुई, जिसने उपस्थित सभी लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके बाद कुछ प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने अपनी मनमोहक गिटार प्रस्तुति से पूरे सभागार का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम का संचालन कर रहीं श्रीमती शर्मा ने जब बच्चों से समर कैंप के अनुभव साझा करने को कहा, तो बच्चों ने उत्साहपूर्वक बताया कि इस कैंप में उन्होंने तैराकी, कुकिंग, संगीत, नृत्य, योग, पॉट मेकिंग सहित अनेक नई गतिविधियां सीखीं। साथ ही वाटर पार्क भ्रमण को उन्होंने समर कैंप की सबसे यादगार और अविस्मरणीय गतिविधियों में से एक बताया।
इस अवसर पर बच्चों ने यह भी कहा कि समर कैंप के माध्यम से उन्हें नई प्रतिभाओं को निखारने, नए मित्र बनाने तथा आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिला। समर कैंप के समापन के साथ ही अब सभी विद्यार्थी ग्रीष्मावकाश के बाद पुनः विद्यालय में मिलेंगे।
कार्यक्रम के अंत में चेयरपर्सन श्रीमती दिव्या , निदेशक श्री सुमन कुमार एवं संयुक्त निदेशक श्री अक्षय कुमार ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को समर कैंप सहभागिता प्रमाण-पत्र प्रदान किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बच्चों को जीवन में सदैव मुस्कुराते हुए आगे बढ़ने, अवकाश के दौरान अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने, माता-पिता की बातों का सम्मान करने तथा छुट्टियों में थोड़ी मस्ती के साथ नियमित अध्ययन जारी रखने की सलाह दी। साथ ही गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने का भी संदेश दिया।
समारोह के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।