कैमूर जिले के रामगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। औरंगाबाद जिले के देवजरा थाना क्षेत्र में दर्ज अपहरण कांड में फरार चल रहे एक आरोपी को आखिरकार रामगढ़ पुलिस के सहयोग से गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके बाद गिरफ्तार आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए औरंगाबाद पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, 13 जून को दर्ज अपहरण मामले में रामगढ़ शहर के पांच युवकों पर वारदात में शामिल होने का आरोप था। इसी मामले में वांछित आरोपी रोहित कुमार गुप्ता, पिता रविशंकर गुप्ता, लंबे समय से फरार बताया जा रहा था और उसके रामगढ़ में छिपे होने की सूचना मिली थी।
इसके बाद देवजरा थानाध्यक्ष कुशो कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रामगढ़ पहुंची। सब इंस्पेक्टर शंकर दयाल सिंह और पुलिसकर्मियों की टीम ने रामगढ़ थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।
रामगढ़ थानाध्यक्ष सुमित कुमार ने बताया कि विधिवत कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को औरंगाबाद से पहुंची पुलिस टीम के सुपुर्द कर दिया गया है। अब आगे की पूछताछ और न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जाएगी। देवजरा थाना में जून में दर्ज अपहरण मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी की खबरें भी सामने आई थीं।