भलुअनी में कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित, मक्का की उन्नत खेती और फसल बीमा की दी जानकारी
#भलुअनी (देवरिया)। त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम के तहत शनिवार को विकास खंड भलुअनी के गांधी सभागार में एक दिवसीय विकास खंड स्तरीय कृषक प्रशिक्षण एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को मक्का की उन्नत खेती, जैविक कृषि और सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की जानकारी दी।
कृषि वैज्ञानिक राम प्रसाद ने मक्का की खेती के महत्व, उत्पादन बढ़ाने के उपाय और इससे होने वाले आर्थिक लाभ पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं कृषि वैज्ञानिक सुरेश चंद्र वर्मा ने रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से होने वाले दुष्प्रभाव बताते हुए किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में एडीओ एजी अभिषेक तिवारी ने किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना पर चर्चा करते हुए बताया कि किसानों को बीमा प्रीमियम का केवल 2 प्रतिशत अंश ही देना होता है, जबकि शेष राशि सरकार वहन करती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला पंचायत सदस्य कलेक्टर शर्मा ने किसानों के हित में मुफ्त बिजली और सस्ती दरों पर उर्वरक उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर देते हुए शासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया।
इस अवसर पर प्रेमचंद मिश्र, प्रणव दूबे और रामशंकर गुप्ता ने भी किसानों को संबोधित किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अजय सिंह, गिरिजेश सिंह, सुनील सिंह, रामनवल, सुरेश कुशवाहा, विनोद यादव, प्रज्ञा, संगीता, रीता कुशवाहा, कुसुम देवी सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
#deorianews #deoriaup52 #ख़बर_टाइम्स #UPNews
Barhaj, Deoria | Aug 1, 2026