#भरतपुर। जिले के रुदावल थाना क्षेत्र के खेरिया मोड़ पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सरपंच प्रत्याशी के पति पर एक युवक ने फायरिंग कर दी। आरोपी ने गांव में वोट मांगने से मना किया था और जब सरपंच प्रत्याशी के पति ने इसका कारण पूछा, तो गुस्से में वहां से चला गया। इसके करीब 10 मिनट बाद आरोपी दोबारा आया और उन पर दो राउंड फायरिंग कर दी। गोली चलते ही सरपंच प्रत्याशी के पति यशपाल नीचे झुक गए, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई। इस दौरान एक गोली दुकान के शटर पर जा लगी, जबकि दूसरी गोली दुकान का शीशा तोड़ते हुए अंदर लगे बिजली के मीटर में जा लगी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गया। सूपा गांव निवासी पीड़ित यशपाल सिंह के अनुसार, हरनगर निवासी आरोपी गौरव ने इससे पहले 21 अक्टूबर को अपने गांव में हवाई फायरिंग करते हुए यह धमकी दी थी कि वह किसी भी प्रत्याशी को गांव में घुसने और चुनाव प्रचार नहीं करने देगा। शुक्रवार सुबह जब यशपाल ने उसे इसी बात को लेकर टोका और गाली-गलौज का कारण पूछा, तो गौरव ने गुस्से में आकर यह जानलेवा हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रुदावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी गौरव की तलाश में जुटी हुई है और मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। उल्लेखनीय है कि पीड़ित यशपाल के पिता भारतीय जनता पार्टी के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रह चुके हैं।
Bharatpur, Bharatpur | Oct 23, 2026