प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क कार्यालय, जमुई
07 सितंबर 2026
शीर्षक: बिहार विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एनडीआरएफ टीम द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित।
जमुई: जिला पदाधिकारी निर्देशानुसार 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम द्वारा बिहार विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत चकाई प्रखंड स्थित प्लस टू एस.के. उच्च विद्यालय में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा एवं बचाव के उपायों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान विशेष रूप से वज्रपात, डूबने की घटना, भूकंप एवं अग्निकांड जैसी आपदाओं के संबंध में आवश्यक सावधानियों, बचाव के तरीकों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया की जानकारी दी गई।
एनडीआरएफ टीम द्वारा मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा की स्थिति में सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, बचाव एवं राहत कार्यों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी का प्रदर्शन किया गया तथा छात्र-छात्राओं को आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य एवं सजगता के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन एवं जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों की आपदा से निपटने की क्षमता को विकसित करना तथा आपदा के दौरान जान-माल की क्षति को न्यूनतम करना है।
जिला प्रशासन द्वारा विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है।
Jamui, Bihar | Sep 7, 2026