एमडीजे गर्ल्स पब्लिक स्कूल में रंगोली और आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता में छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा
छठ महापर्व की झांकी निकाल छात्राओं ने भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य, पारंपरिक गीतों से भक्तिमय हुआ माहौल
रंगोली में सजी मां लक्ष्मी की तस्वीर, छठ गीतों पर झूमीं एमडीजे की छात्राएं
हरित दीपावली का संदेश और छठ की झांकी ने मोहा मन, छात्राओं ने दिखाई कलात्मक प्रतिभा
जगदीशपुर । लोहई टोला अमरपुरी बाली सोनवर्षा स्थित एमडीजे गर्ल्स पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर रंगोली सह आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें कक्षा एक से आठवीं तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। छात्राओं ने अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए एक से बढ़कर एक आकर्षक रंगोली बनाई। वहीं आर्ट एंड क्राफ्ट प्रतियोगिता में मिट्टी के दीप, कागज के दीप, कागज के फूल, कागज के लैंप और इलेक्ट्रॉनिक दीये बनाकर अपनी हुनर का परिचय दिया।
छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से कमल के फूल पर विराजमान मां लक्ष्मी, मां लक्ष्मी के चरण और स्वास्तिक सहित विभिन्न धार्मिक आकृतियां उकेरीं। इसके साथ ही रंगोली के जरिए प्रदूषण रहित और हरित दीपावली मनाने का संदेश दिया। अलग-अलग कक्षाओं की छात्राओं ने अपने क्लासरूम को भी आकर्षक ढंग से सजाया। प्रतियोगिता का आयोजन हाउसवाइज किया गया, जिसमें संस्कार, प्रेरणा, परिवर्तन, सृजन, आविष्कार और ध्वनि हाउस की छात्राओं ने भाग लिया।इस अवसर पर विद्यालय परिसर में छठ महापर्व की भव्य झांकी भी निकाली गई। छात्राएं छठ के पारंपरिक परिधान में मंगल गीत गाते हुए एमडीजे गर्ल्स पब्लिक स्कूल से निकलकर एमडीजे पब्लिक स्कूल परिसर में बने छठ घाट पर पहुंचीं। वहां भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सभी के सुख-समृद्धि और मंगल की कामना की। छात्राओं ने समूह में 'उग हो सूरज देव', 'जोड़े-जोड़े फलवा', 'केलवा के पात पर', 'नारियलवा जे फरेला घवद से' और 'कांच ही बांस के बहंगिया' जैसे पारंपरिक छठ गीत प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।
विद्यालय के निदेशक डॉ. नंद कुमार सिंह ने कहा कि प्रत्येक वर्ष विद्यालय में इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है, ताकि छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिले। बेहतर प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन और प्रशिक्षण से छात्राओं की प्रतिभा में निखार आता है।
वहीं प्राचार्या सुमति सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ सांस्कृतिक, रचनात्मक और अन्य गतिविधियों में भाग लेने से छात्राओं का आत्मविश्वास बढ़ता है। विद्यालय में गीत-संगीत, खेल, वाद-विवाद, कहानी लेखन, कविता, भाषण और फैंसी ड्रेस जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं।
प्रतियोगिता में कक्षा एक की श्रेया कुमारी, अनन्या कुमारी, कक्षा दो की आराध्या कुमारी, शिवानी कुमारी, कक्षा तीन की अफसाना खातून, आलिया प्रवीण, कक्षा चार की रानी कुमारी, सुरेखा कुमारी, कक्षा पांच की वंदना कुमारी, शिवानी रागिनी, कक्षा छह की शिवानी कुमारी, आयुषी कुमारी, कक्षा सात की रुचि कुमारी, नंदनी कुमारी तथा कक्षा आठ की सोनाली कुमारी, नव्या कुमारी, हर्षिता और लवली कुमारी ने भाग लिया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में विद्यालय की सभी शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा।
Jagdishpur, Bhojpur | Nov 7, 2026