कैमूर में 'स्वच्छता ही सेवा 2026' पखवाड़े का आगाज, DM ने दिलाई स्वच्छता की शपथ
कैमूर भभुआ समाहरणालय सभागार में बुधवार को जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान का शुभारंभ किया गया। 'स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण)' और 'लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान' के तहत यह पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक "स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत" थीम पर चलेगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस दौरान DM सहित सभी अधिकारियों और कर्मियों ने स्वच्छता की शपथ ली तथा हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया।
जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि जिले के सभी ब्लैक स्पॉट (कचरा स्थलों) की जियो-टैगिंग कर उनकी सफाई की जाए और Before-After फोटो पोर्टल पर अपलोड किया जाए। विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के बच्चों के लिए निबंध, पेंटिंग और स्वच्छता संवाद का आयोजन होगा।
30 सितंबर को सफाई मित्रों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, PPE किट वितरण और कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्यक्रम होगा। वहीं 1 अक्टूबर को "एक दिन, एक घंटा, एक साथ" थीम पर महाश्रमदान और 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया जाएगा।
DM ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। मौके पर DDC, अपर समाहर्ता सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
Mohania, Kaimur | Sep 17, 2026