#अरवल के शिवनगर #नवोदय छात्रावास में छात्रों के बीच हिंसक झड़प, एक दर्जन से अधिक छात्र घायल, अभिभावकों में आक्रोश
अरवल जिले के करपी प्रखंड अंतर्गत शिवनगर नवोदय छात्रावास से छात्रों के बीच मारपीट और रोड़ेबाजी का गंभीर मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार 28 सितंबर की शाम और 29 सितंबर की सुबह सातवीं, आठवीं और नौवीं कक्षा के छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि छात्रावास परिसर में ही रोड़ेबाजी और मारपीट शुरू हो गई।
इस घटना में एक दर्जन से अधिक छात्रों के घायल होने की बात सामने आई है। कई छात्रों के सिर में चोट लगी, जबकि कुछ के हाथ में चोट आने की सूचना है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी तथा छात्रों के अभिभावक छात्रावास पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
मौके पर अधिकारियों ने छात्रों की काउंसलिंग कराई और घटना में शामिल छात्रों को छात्रावास से प्रतिबंधित करने की कार्रवाई की गई है। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार इन छात्रों को पढ़ाई के लिए विद्यालय आने की अनुमति रहेगी, केवल छात्रावास में रहने पर रोक लगाई गई है।
अधिकारियों ने विद्यालय प्राचार्य, प्रधानाध्यापक और छात्रावास प्रशासन को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि भविष्य में इस तरह की घटना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बच्चों के हाथों में किताब-कॉपी और कलम होनी चाहिए, न कि लाठी-डंडे और पत्थर।
वहीं, अभिभावकों ने जिला पदाधिकारी को आवेदन देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग करने की बात कही है। अभिभावकों का कहना है कि छात्रावास में समय-समय पर ऐसी घटनाएं सामने आती रहती हैं, जिससे बच्चे भय और असुरक्षा के माहौल में पढ़ने को मजबूर हैं। अभिभावकों ने चेतावनी दी है कि यदि जिला प्रशासन ने ठोस कार्रवाई नहीं की, तो वे आगे आंदोलनात्मक कदम उठाने को मजबूर होंगे। Public ki Awaz Public Ki Awaz - News Arvind Yadav A1 express Arvind Arvind
Arwal, Arwal | Sep 29, 2026