#यमुनानगर, 21 सितंबर- जिला प्रशासन द्वारा उपमंडल व्यासपुर के गांव फतेहगढ तुम्बी में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त प्रीति के मार्गदर्शन में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने ग्रामीणों की समस्याएं एवं शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दरबार में उपमंडल व्यासपुर के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सडक़, पेयजल, बिजली, गन्दे पानी की निकासी, पक्का मकान बनवाने, राजस्व, पेंशन, परिवार पहचान पत्र, स्वच्छता तथा अन्य जनहित से जुड़े विषयों से संबंधित समस्याएं अतिरिक्त उपायुक्त के समक्ष रखीं। इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए सरकारी योजनाओं के स्टालों का बारीकी से निरीक्षण कर पौधारोपण भी किया।
अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों से संवाद करते हुए उन्हें सरकार द्वारा चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं की भावना को मजबूत करना तथा जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे सेवा संकल्प अभियान से जुडक़र समाजहित के कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभाग के अधिकारियों से मौके पर ही समस्या के समाधान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों के समाधान में अनावश्यक देरी न हो और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए शिकायतकर्ता को समाधान की जानकारी भी दी जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आमजन को सरकारी सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध करवाना है। अधिकारी कार्यालयों में आने वाले नागरिकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनें और निर्धारित समयावधि में उनका समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता दरबार के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं सीधे जिला प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर मिलता है। ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करते हुए शिकायतों का प्रभावी एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
रात्रि ठहराव कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त के समक्ष गांव फतेहगढ़ तुम्बी निवासी बब्ली देवी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ देने बारे, फतेहगढ़ तुम्बी निवासी पूजा पत्नी वेद प्रकाश ने पीएमएवाई योजना के तहत पक्का मकान बनवाने बारे, कुराली निवासी दिलबाग सिंह ने सीएम विंडो की झूठी रिपोर्ट बनाकर दाखिल करने बारे व न्यायालय के आदेशों की अवहेलना करके प्रार्थी की फसल बर्बाद करने बारे, रामगढ़ माजरा निवासियों ने स्थानीय बैंक के माध्यम से पेंशन उपलब्ध करवाने बारे व रामगढ़ माजरा से तुम्बी के रास्ते पर जाने वाली सडक़ से शराब का ठेका हटवाने बारे, फतेहगढ़ तुम्बी निवासी राम सिंह पुत्र चंदन सिंह ने गंदे पानी की निकासी बारे, रामगढ़ माजरा निवासी सुखबीर ने परिवार पहचान पत्र व लाडो लक्ष्मी योजना को दुरूस्त करवाने बारे समस्याएं रखीं।
इसी प्रकार नूर मोहम्मद निवासी परभौली ने असलम पुत्र भूरा, निसार गांव परभौली द्वारा प्रार्थी का रास्ता रोकने व न्यायालय के आदेशों की उल्लंघना करने बारे व कार्यवाही करने बारे, मुकर्रम ने परिवार पहचान पत्र में जुड़ी कार हटवाने बारे, साहब सिंह पुत्र जय सिंह ने पेड़ कटवाने व हटवाने बारे, गांव बांसेवाला के सरपंच नरेश कुमार ने एफआईआर पर कार्यवाही करवाने बारे, नीरज कुमार निवासी बांसेवाला ने खेतों में गांव के गंदे नाले के पानी को रूकवाने बारे, फतेहगढ़ तुम्बी निवासी समर सिंह ने घर के गन्दे पानी की निकासी बारे, कपूरी कलां निवासी अमरजीत सिंह ने शमशान घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर पुलिया बनवाने बारे, रविन्द्र निवासी मारवंा कला ने बीपीएल कार्ड को दोबारा चालू करवाने बारे, शकुन्तला रानी निवासी मलिकराय पुर ने परिवार पहचान पत्र में आय दुरूस्त करवाने बारे, अजीजपुर कलां निवासी मोहित ने नालियों की सफाई करवाने बारे, सुनिल कुमार निवासी मलिक रायपुर ने बस स्टैण्ड पर बस न रूकने बारे आदि समस्याएं अतिरिक्त उपायुक्त के समक्ष रखीं। जनता दरबार में व्यासपुर के एसडीएम डॉ. कुलदीप सिंह ने अपना स्वयं का आधार कार्ड अपडेट भी करवाया।
इस अवसर पर एसडीएम व्यासपुर डॉ. कुलदीप सिंह, जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता, डीडीपीओ नरेन्द्र सिंह, जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, बीडीपीओ शबनम रेहलान, खंड शिक्षा अधिकारी नरेश पाल, सिंचाई विभाग के एक्सईएन सुरेंद कुमार, बिजली विभाग के एक्सईएन जसमीत सिंह, पब्लिक हेल्थ के एस डी ई जफर इकबाल, फतेहगढ़ तुम्बी के सरपंच बलदेव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण व ग्रामीण उपस्थित रहे।