विजयादशमी पर भीलवाड़ा में तीन घंटे ट्रैफिक डायवर्जन, कई मार्ग बंद
भीलवाड़ा
विजयादशमी पर मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के त्रिवेणी संगम पथ संचलन के चलते शहर में तीन घंटे के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। पुलिस प्रशासन के अनुसार सुबह 9 से दोपहर 12 बजे तक कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और इन क्षेत्रों में पार्किंग पर भी रोक लागू की जाएगी। एसपी सागर राणा के निर्देश पर जारी व्यवस्था के तहत वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करना होगा।
रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को गेट नंबर 2 से प्रवेश करने के निर्देश दिए हैं। गर्ग पेट्रोल पंप वन-वे से राजेंद्र मार्ग रोड, नगर निगम चौराहा, कोतवाली चौराहा और पशु चिकित्सालय चौराहे की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। इन मार्गों से आने वाले वाहन एमएलवी कॉलेज होते हुए रेलवे फाटक के रास्ते निकाले जाएंगे। वहीं हाउसिंग मिस्त्री से झूलेलाल सर्किल तथा आजाद नगर से सूचना केंद्र की दिशा में भी वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहनों को ओवरब्रिज से होकर रेलवे फाटक से शहर में प्रवेश करने की व्यवस्था रहेगी।
पथ संचलन के दौरान रेलवे स्टेशन, गोल प्याऊ चौराहा, इंदिरा सर्किल, सूचना केंद्र, एमजीएच गेट, भीमगंज चौराहा, बड़ा मंदिर, झलकारी बाई चौराहा, मलियों का नोहरा, माणिक्यनगर चौराहा, फ्रेंड्स मेडिकल और सेवा सदन रोड सहित कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही रोकी जाएगी। इन मार्गों पर वाहन खड़े करने पर भी प्रतिबंध रहेगा।
पुलिस ने महात्मा गांधी अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और उनके परिजनों से अस्पताल के पीछे वाले गेट का अधिकतम उपयोग करने की अपील की है। अस्पताल या रेलवे स्टेशन जाने वालों को भीड़ और मार्ग प्रतिबंध को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर निकलने तथा तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।