बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत जागरूकता सत्र आयोजित
कलेक्टर श्री राहुल नामदेव धोटे के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री विनोद परस्ते के मार्गदर्शन में एकीकृत शासकीय हाई स्कूल पाठा, विकासखंड नारायणगंज में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना एवं हब अंतर्गत मासिक थीम के अनुसार जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया।
वन स्टॉप सेंटर की प्रशासक सुश्री प्रेरणा मर्सकोले ने विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों एवं इससे संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु की बालिका तथा 21 वर्ष से कम आयु के बालक का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है। बाल विवाह करने, करवाने अथवा उसमें सहयोग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध विधि अनुसार कार्रवाई का प्रावधान है। उन्होंने बाल यौन शोषण एवं लैंगिक अपराधों से बच्चों के संरक्षण के लिए पॉक्सो अधिनियम, दहेज प्रतिषेध अधिनियम तथा लिंग परीक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी भी दी।
विद्यार्थियों को महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 एवं टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 की जानकारी देते हुए इनके उपयोग का प्रदर्शन भी कराया गया। बाल विवाह की सूचना एवं सहायता के लिए जिला स्तरीय नियंत्रण कक्ष के दूरभाष क्रमांक 07642-252699 की जानकारी दी गई तथा विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त भारत की शपथ दिलाई गई।
पैरालीगल वॉलेंटियर श्रीमती शिखा श्रीवास्तव ने विद्यार्थियों को निःशुल्क विधिक सहायता योजना, हिट एंड रन योजना, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा, मौलिक अधिकार एवं परिवार, समाज तथा देश के प्रति नागरिकों के नैतिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने निःशुल्क विधिक सहायता के लिए टोल फ्री हेल्पलाइन 15100 के बारे में भी बताया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों के मध्य प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र विनीत कुमार उद्दे एवं प्रिंस सेन को पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
#mandla
Mandla, Madhya Pradesh | Nov 17, 2026