अटल टनल पहुंचीं राष्ट्रपति मुर्मू, बोलीं—भारत की तकनीकी क्षमता और दृढ़ संकल्प का प्रतीक है यह सुरंग
मनाली-लाहौल की जनता की ओर से राष्ट्रपति का हार्दिक स्वागत और आभार, वर्षभर लाहौल-स्पीति से जोड़ती है सामरिक महत्व की अटल टनल
मनाली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश के रोहतांग स्थित अटल टनल का दौरा किया। सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण यह सुरंग वर्षभर मनाली को लाहौल-स्पीति घाटी से जोड़े रखती है। वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अटल टनल का उद्घाटन किया था। राष्ट्रपति ने अटल टनल को वैश्विक मानकों पर निर्मित अद्भुत इंजीनियरिंग चमत्कार बताते हुए कहा कि इसका निर्माण सीमा सड़क संगठन (BRO) ने उत्कृष्ट समर्पण के साथ किया है। उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित बुनियादी ढांचा भारत की तकनीकी क्षमता, दृढ़ संकल्प और अत्यंत कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में सुगम कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। राष्ट्रपति के मनाली और लाहौल-स्पीति आगमन पर स्थानीय लोगों ने भी उनका हार्दिक स्वागत किया और क्षेत्र में आने के लिए आभार व्यक्त किया। लोगों का कहना है कि देश की राष्ट्रपति का इस सामरिक और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र में पहुंचना यहां के लिए विशेष अवसर है।
Kullu, Kullu | Oct 7, 2026