21.08.2026
स्कूली बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं: ओवरलोड ऑटो पर पंचकूला पुलिस की सख्ती, 7 ऑटो के चालान और 4 जब्त
पंचकूला/ 21 अगस्त:- बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने और स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाकर ले जाने वाले ऑटो चालकों पर शिकंजा कसने के लिए पंचकूला पुलिस द्वारा सख्ती बरती जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने ट्रैफिक पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बच्चों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता न हो और ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार आज पंचकूला के सेक्टर-21 स्थित सरकारी स्कूल के पास ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। सिटी ट्रैफिक थाना प्रभारी एसएचओ वरिंदर सिंह की मौजूदगी में पुलिस टीम ने स्कूली बच्चों को क्षमता से अधिक बैठाकर ले जा रहे ऑटो की जांच की। चेकिंग के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 7 ओवरलोड ऑटो के चालान किए, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वाले 4 ऑटो को मौके पर ही इंपाउंड कर दिया गया। इंपाउंड किए गए ऑटो को सेक्टर-21 पुलिस चौकी में खड़ा करवाया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने स्पष्ट किया कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने वाले वाहनों में ओवरलोडिंग किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिए हैं कि ऐसे वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जाए और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही अभिभावकों से भी अपील की है कि वे बच्चों को स्कूल भेजते समय ऑटो की स्थिति और उसमें बैठाए जा रहे बच्चों की संख्या पर ध्यान दें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नजर आने पर पुलिस को सूचित करें।