मंडल स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता में चित्रकूट की बालिकाओं ने हासिल किया प्रथम स्थान
चित्रकूट, 17 सितंबर 2026। माध्यमिक मंडल स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 16 सितंबर 2026 को चौधरी पहलवान सिंह इंटर कॉलेज, इचौली, जनपद हमीरपुर में किया गया। प्रतियोगिता में मंडल के विभिन्न जनपदों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
उक्त प्रतियोगिता में जनपद चित्रकूट की बालिका एवं बालक वर्ग की टीमों ने प्रतिभाग करते हुए उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उच्च प्राथमिक विद्यालय इटोरा, क्षेत्र पहाड़ी, जनपद चित्रकूट की बालिका वर्ग की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया। वहीं बालक वर्ग की टीम ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर जिलाधिकारी चित्रकूट श्री पुलकित गर्ग ने विजेता एवं उपविजेता छात्र-छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें एक-एक बैग एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। जिलाधिकारी ने सभी प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में खेलों की महत्वपूर्ण भूमिका है। खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को इसी प्रकार मेहनत, लगन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।