2 विद्यालय हुलासगंज में पुलिस दीदी टीम ने चलाया जागरूकता अभियान
जहानाबाद।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस दीदी टीम (अभया ब्रिगेड) द्वारा सोमवार को +2 विद्यालय, हुलासगंज में "ऑपरेशन विधि पालक युवक" के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस दीदी टीम ने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी साझा करने के खतरे, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग तथा साइबर अपराध से बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
इस अवसर पर "नया सवेरा 3.0" अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया गया। टीम ने मानव तस्करी (मानव व्यापार) की रोकथाम, महिला सुरक्षा, महिला अधिकार एवं महिला उत्थान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए बताया कि जागरूकता और सतर्कता ही ऐसे अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों से सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने, महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना पुलिस को देने का आह्वान किया गया।
Jehanabad, Jehanabad | Aug 3, 2026