*10 जून को अधिनायक लिपिक प्रतियोगिता परीक्षा-01/2026 के कदाचारमुक्त, निष्पक्ष, स्वच्छ संचालन हेतु जिला पदाधिकारी द्वारा प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ किया गया ब्रीफिंग,दिए गए महत्वपूर्ण निर्देश*
आज दिनांक 08 जून, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में अधिनायक लिपिक प्रतियोगिता परीक्षा-01/2026 के कदाचारमुक्त, निष्पक्ष, स्वच्छ संचालन, विधि व्यवस्था संधारण हेतु प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग में बताया गया कि *अधिनायक लिपिक के पद पर नियुक्ति हेतु परीक्षा दिनांक 10 जून, 2026 (बुधवार) को पूर्वाह्न 10:00 बजे से मध्याह्न 12:00 बजे तक एक पाली में जहानाबाद जिला के 10 परीक्षा केन्द्रों* यथा - +2 हाई स्कूल, हाटी, काको, उत्क्रमित उच्च माध्यमिक विद्यालय, काजीसराय, जहानाबाद, राज्य संपोषित बालिका इंटर स्कूल, गांधी मैदान, जहानाबाद, गौतमबुद्ध +2 हाई स्कूल, जहानाबाद, गांधी स्मारक इंटर स्कूल, जहानाबाद, ब्रिलियंट पब्लिक स्कूल, निजामुद्दीनपुर, जहानाबाद, मुरलीधर इंटर स्कूल, जहानाबाद, पी.पी.एम. स्कूल, जहानाबाद, आदर्श मध्य विद्यालय, ऊँटा, जहानाबाद तथा गांधी इंटर विद्यालय, कृष्णाश्रम, सिकरिया, जहानाबाद में आयोजित की जाएगी।
जिला पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि *परीक्षा केन्द्र पर अभ्यर्थियों का रिपोर्टिंग समय पूर्वाह्न 08:30 बजे निर्धारित किया गया है तथा पूर्वाह्न 09:30 बजे परीक्षा केन्द्र का प्रवेश द्वार बंद कर दिया जाएगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 30 मिनट पूर्व तक ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, निर्धारित समयअवधि के बाद किसी को भी प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।*
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि परीक्षा को कदाचारमुक्त, निष्पक्ष एवं स्वच्छ वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है इसलिए आयोग द्वारा निर्गत दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं केन्द्राधीक्षकों को दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परीक्षार्थी को बिना प्रवेश पत्र एवं फोटो पहचान पत्र के किसी भी परिस्थिति में परीक्षा केन्द्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। *परीक्षा केन्द्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जाँच, वीडियोग्राफी, CCTV निगरानी, फोटोग्राफी एवं बायोमेट्रिक सत्यापन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।*
ब्रीफिंग में बताया गया कि किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केन्द्र/कक्ष में मोबाइल फोन अथवा किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। यदि कोई अभ्यर्थी मोबाइल फोन अथवा इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के साथ पकड़ा जाता है तो उसे लिखित परीक्षा से वंचित कर दिया जाएगा तथा उक्त कृत्य को कदाचार की श्रेणी में माना जाएगा।
परीक्षा समाप्त होने के एक घंटा पूर्व से परीक्षा समाप्ति तक केन्द्राधीक्षक एवं सहायक केन्द्राधीक्षक को छोड़कर सभी वीक्षक एवं अन्य कर्मी अपने पास मोबाइल फोन अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नहीं रखेंगे।
स्टैटिक दण्डाधिकारी परीक्षा केन्द्र/कक्ष में प्रवेश से पूर्व प्रत्येक अभ्यर्थी की भौतिक जाँच कर यह सुनिश्चित करेंगे कि अभ्यर्थियों के पास किसी प्रकार की लिखित सामग्री, सादा कागज, क्लिपबोर्ड, स्लाइड रूल, कैलकुलेटर, मोबाइल फोन, ब्लूटूथ उपकरण, डिजिटल डायरी, पामटॉप, पीडीए अथवा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण न हों।
महिला अभ्यर्थियों की Frisking महिला पुलिसकर्मियों द्वारा कराई जाएगी तथा Frisking के दौरान HHMD (Hand Held Metal Detector) का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाएगा। पुलिस उपाधीक्षक, रक्षित, पुलिस केन्द्र, जहानाबाद को सभी परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में HHMD उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
ब्रीफिंग में जिला पदाधिकारी ने सभी केन्द्राधीक्षकों को अपने-अपने परीक्षा केन्द्रों पर समुचित मेडिकल किट उपलब्ध रखने का निर्देश दिया। *साथ ही गर्मी को देखते हुए ORS एवं पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था रखने तथा निर्बाध विद्युत एवं समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। परीक्षा केन्द्रों पर जनरेटर की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।*
परीक्षा के सफल संचालन हेतु अनुमंडल कार्यालय, जहानाबाद में *जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जिसका दूरभाष संख्या 06114-223013 निर्धारित किया गया है* ताकि परीक्षा से संबंधित किसी भी सूचना अथवा शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया कि परीक्षा केन्द्रों पर विधि-व्यवस्था संधारण, अभ्यर्थियों की सुव्यवस्थित प्रवेश व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हो सके।
#जिला_प्रशासन_जहानाबाद
#IPRDBihar
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Education Department
Jehanabad, Bihar | Jun 8, 2026