गौशाला में गौवंशों की दुर्दशा, लाखों रुपये का निगरानी सिस्टम भी नहीं रोक पा रहा अव्यवस्थाएं
हरदोई विकास खण्ड कोथावां अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवादा लोचन स्थित गौशाला में गौ संरक्षण को लेकर किए जा रहे सरकारी दावों की हकीकत सवालों के घेरे में दिखाई दे रही है। गौशाला की स्थिति देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि यहां व्यवस्थाओं की निगरानी और संचालन में गंभीर लापरवाही बरती जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार गौशाला में लाखों रुपये की लागत से लगाए गए निगरानी सिस्टम और अन्य सुविधाएं होने के बावजूद गौवंशों को अपेक्षित देखभाल नहीं मिल पा रही है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि गौशाला परिसर में मृत गौवंशों के अवशेष पड़े होने तथा उन्हें आवारा कुत्तों द्वारा नोच-नोच कर खाने के दृश्य सामने आने से क्षेत्रीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है। यह स्थिति न केवल गौ संरक्षण की व्यवस्थाओं पर प्रश्नचिह्न लगाती है बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चिंताओं को भी जन्म देती है।
ग्रामीणों का कहना है कि गौशाला में केयर टेकर की नियमित उपस्थिति नहीं दिखाई देती, जिसके कारण गौवंशों की देखरेख प्रभावित हो रही है। वहीं सरकारी मानकों के अनुसार गौशालाओं में गौवंशों के लिए प्राथमिक उपचार, पर्याप्त हरा चारा, स्वच्छ पेयजल तथा सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन वर्तमान हालात इन दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं।
लोगों का यह भी सवाल है कि जब गौशाला में निगरानी के लिए आधुनिक सिस्टम लगाए गए हैं तो फिर ऐसी अव्यवस्थाएं कैसे उत्पन्न हो रही हैं? यदि निगरानी व्यवस्था सक्रिय है तो जिम्मेदार अधिकारियों तक यह जानकारी क्यों नहीं पहुंची और यदि जानकारी पहुंची है तो अब तक प्रभावी कार्रवाई क्यों नहीं की गई?
क्षेत्रीय नागरिकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने, गौशाला की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने, मृत गौवंशों के उचित निस्तारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
गौ संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ऐसे में नेवादा लोचन गौशाला की यह स्थिति प्रशासनिक व्यवस्था और निगरानी तंत्र दोनों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हुए सुधारात्मक कदम उठाता है।
Hardoi, Hardoi | Jun 12, 2026