#खुशियों_की_दास्तां
वर्षों बाद खुशियों की दास्ताँ: जल जीवन मिशन बना बदलाव की नई तस्वीर
अब नलों से बह रही है खुशियों की धारा
05 किमी. दूर से घर-घर पहुंचा स्वच्छ मीठा पेयजल
हर घर तक स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से शासन द्वारा जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित नल-जल योजनाओं का जिले में प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच से प्रारंभ हुए इस महत्वाकांक्षी अभियान में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भिण्ड जिला निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है।
भिण्ड जिले के विकासखण्ड गोहद के पाँच गाँव—हिन्नाईपुरा, जनकपुरा, मुड़ेना, केशवपुरा और कालोनी—लंबे समय से खारे पानी की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने जल जीवन मिशन योजना के तहत कड़ी मेहनत के बाद नैनोली हार क्षेत्र में मीठे पानी का एक विश्वसनीय स्रोत खोजा। विभाग की टीम ने इस स्रोत से पाँच बोर करवाए और लगभग 5 किलोमीटर की दूरी से पाइपलाइन बिछाकर इन पाँचों गाँवों तक मीठा पेयजल पहुँचाया। इस पहल से कुल 1843 ग्रामीणों को अब सुरक्षित और निरंतर पीने का पानी उपलब्ध हो रहा है।
ग्रामीणों ने इस व्यवस्था को “खुशियों की दास्ताँ” बताते हुए सराहना की है, क्योंकि वर्षों बाद उन्हें दूर-दराज से पानी भरकर लाने की मजबूरी से राहत मिली है। यह सफलता जल जीवन मिशन के लक्ष्य—हर घर को नल से जल—की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
जल जीवन मिशन के प्रभाव से ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की तस्वीर में उल्लेखनीय बदलाव आया है। जिन गांवों में पहले खारा पानी था, ग्रामीणों को विशेषकर महिलाओं को दूर-दराज के कुओं, तालाबों एवं अन्य जलस्रोतों से पानी लाने के लिए काफी समय और श्रम करना पड़ता था, वहीं अब घर-घर नल के माध्यम से स्वच्छ मीठा पेयजल उपलब्ध हो रहा है। घर के आंगन में ही पानी की सुविधा मिलने से ग्रामीण परिवारों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी पेयजल के लिए भटकना नहीं पड़ता।
नल से नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल की उपलब्धता से ग्रामीण परिवारों को सुविधा मिलने के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी मजबूत हुई है। स्वच्छ मीठे जल के उपयोग से जलजनित बीमारियों की रोकथाम में मदद मिल रही है। वहीं महिलाओं को पानी लाने में लगने वाले समय और श्रम की बचत हो रही है। इस अतिरिक्त समय का उपयोग महिलाएं कृषि कार्य, स्वरोजगार, घरेलू गतिविधियों तथा अन्य आर्थिक एवं सामाजिक कार्यों में कर रही हैं।
जल जीवन मिशन का लाभ केवल परिवारों तक सीमित नहीं है, बल्कि पशुपालन करने वाले ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिल रहा है। घर के समीप ही पानी उपलब्ध होने से पशुओं के लिए भी आसानी से पानी की व्यवस्था हो रही है। इससे कुएं, तालाब एवं अन्य दूरस्थ जलस्रोतों से पानी लाने में लगने वाला समय और श्रम बच रहा है।
जल जीवन मिशन के माध्यम से जिले के विकासखण्ड गोहद के ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही खारे पानी की समस्या का समाधान हुआ है। घर-घर नल से शुद्ध मीठा जल पहुंचने से ग्रामीण जीवन में सुविधा, समय की बचत और स्वास्थ्य सुरक्षा के साथ महिलाओं एवं ग्रामीण परिवारों के सामाजिक-आर्थिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
Department of Public Health Engineering, Madhya Pradesh
#SuccessStory
#भिण्ड
#Bhind
22 views | Bhind, Madhya Pradesh | Sep 27, 2026