मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में गुरुवार से 7 दिवसीय सिविल डिफेंस क्षमता संवर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम-2026 का शुभारंभ हुआ।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी के मुख्य आतिथ्य तथा रक्षित निरीक्षक श्री पुरुषोत्तम बिश्नोई के विशेष आतिथ्य में हुआ। प्रशिक्षण में जिले के 150 सिविल डिफेंस स्वयंसेवक सहभागिता कर रहे हैं।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट होमगार्ड श्री आर.पी. मीना ने सिविल डिफेंस के उद्देश्य, संगठनात्मक संरचना, दायित्वों एवं नागरिक सुरक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रशिक्षण के प्रति अनुशासन एवं समर्पण की भावना से कार्य करने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण के प्रथम सत्र में एसडीईआरएफ इंदौर के कंपनी कमांडर श्री अश्विन चौधरी ने प्रतिभागियों को आपदा एवं उसके विभिन्न प्रकार, आपदा प्रबंधन की अवधारणा, आपदा प्रबंधन में सिविल डिफेंस की भूमिका तथा आपदा की स्थिति में स्वयंसेवकों के कर्तव्यों एवं दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी।
मुख्य अतिथि श्री अभिषेक चौधरी ने कहा कि प्रशिक्षित सिविल डिफेंस स्वयंसेवक किसी भी आपदा की स्थिति में प्रशासन के महत्वपूर्ण सहयोगी होते हैं। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग समाज एवं राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।
सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आपदा प्रबंधन, खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, नागरिक सुरक्षा तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया से संबंधित सैद्धांतिक एवं व्यवहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
Jansampark Madhya Pradesh
Dhar, Madhya Pradesh | Aug 6, 2026