#भरतपुर। नदबई में हर घर तिरंगा अभियान के तहत उपखंड प्रशासन की ओर से गुरुवार को एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। देशभक्ति के रंग में रंगी इस विशाल रैली में जनप्रतिनिधियों, प्रबुद्धजनों, विद्यार्थियों के साथ-साथ विभिन्न राजकीय विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली का शुभारंभ एसडीएम सचिन यादव ने रेलवे स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर किया। इसके बाद यह तिरंगा यात्रा सिंधी तिराहा, कुम्हेर तिराहा और नगर तिराहा से गुजरती हुई उपाध्याय पाड़ा पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे रास्ते में शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर रैली में शामिल प्रतिभागियों का जोरदार स्वागत और उत्साहवर्धन किया। इस तिरंगा रैली का मुख्य आकर्षण 51 मीटर लंबा विशाल तिरंगा रहा, जिसे हाथों में थामकर बड़ी संख्या में विद्यार्थी और स्थानीय लोग देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़ रहे थे। हाथों में छोटे-छोटे तिरंगे लिए स्कूली बच्चों और आमजन के 'भारत माता की जय' और 'वंदे मातरम' के उद्घोष से पूरा शहर राष्ट्रप्रेम के माहौल से गुंजायमान हो उठा। आयोजन के दौरान नगरपालिका ईओ पवन गुप्ता, तहसीलदार मदन सिंह, लखनपुर नायब तहसीलदार तरुण कुमार, थानाधिकारी अरुण सिंह, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रोहित उपाध्याय, दिनेश भातरा, मदन मोहन उपाध्याय, दुर्गेश बूटौलिया और दिलीप सिनसिनवार सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।