यमुनानगर,-मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान योजना 2.0 के अंतर्गत रविवार को पंचायत भवन में अंत्योदय मेले का आयोजन किया गया। मेले में राज्य एवं केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लाभार्थियों को उपलब्ध कराई गई तथा पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिया गया।
मेले में हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम द्वारा अनुसूचित जाति के बीपीएल परिवारों को निगम की विभिन्न ऋण एवं स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। हरियाणा कौशल विकास निगम द्वारा सूर्य योजना, मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना तथा अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। इसके अलावा पीएम स्ट्रीट वेंडर आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) के तहत माइक्रो क्रेडिट सुविधा एवं पुनर्गठित योजना की अवधि 31 दिसंबर 2024 से बढ़ाकर 31 मार्च 2030 किए जाने संबंधी जानकारी भी दी गई।
मत्स्य पालन विभाग हरियाणा द्वारा अनुसूचित जाति के पात्र आवेदकों को मत्स्य पालन के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली विभिन्न सहायता योजनाओं की जानकारी दी गई। वहीं रोजगार विभाग, हरियाणा पिछड़ा वर्ग एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण निगम, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज कॉरपोरेशन लिमिटेड, विकास एवं पंचायत विभाग, ग्रामीण विकास विभाग तथा हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया तथा पात्र लाभार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर यमुनानगर के अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने पंचायत भवन में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन एवं लाभार्थियों को दी जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि पात्र नागरिकों को सरकार की योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए, ताकि अंत्योदय परिवारों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के उद्देश्य को प्रभावी रूप से साकार किया जा सके। उन्होंने नागरिकों से अपील की की इस अंत्योदय मेले में बढ़-चढक़र भाग ले।
इस अवसर पर जिला परिषद के चेयरमैन रमेश ठसका, जिला परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुशील कुमार डिप्टी कार्यकारी अधिकारी जसविन्द्र सिंह, जिला रोजगार अधिकारी अरूण कुमार, डीपीएम बलिन्द्र कटारिया,समाज कल्याण विभाग से एएमसी धीरज सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहें।