ऑपरेशन "यात्री सुरक्षा" के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी आरा की संयुक्त कार्रवाई में संगठित महिला चोर गिरोह गिरफ्तार, चोरी की नकदी एवं अन्य सामान बरामद
आरा, दिनांक 05.08.2026: रेल यात्रियों की सुरक्षा एवं रेलवे परिसर में अपराध नियंत्रण हेतु आरपीएफ पोस्ट आरा के निरीक्षक प्रभारी श्री दीपक कुमार एवं रेल थाना आरा के थानाध्यक्ष श्री रंधीर कुमार के नेतृत्व में चलाए जा रहे "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के तहत आरपीएफ एवं जीआरपी आरा की संयुक्त टीम द्वारा आरा रेलवे स्टेशन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संगठित अंतरराज्यीय महिला चोर गिरोह की पाँच सदस्यों को गिरफ्तार किया गया। घटना उस समय हुई जब पटना निवासी प्रकाश कुमार अपने परिवार के सदस्यों को गाड़ी संख्या 13041 के ए-1 कोच में यात्रा हेतु बैठा रहे थे। इसी दौरान पाँच महिलाओं ने योजनाबद्ध तरीके से उनके परिवार की घेराबंदी कर उनकी माता के पर्स से लाल रंग का छोटा पर्स चोरी कर लिया, जिसमें ₹45,900/- नगद रखा हुआ था। सूचक द्वारा शोर मचाने पर मौके पर मौजूद आरपीएफ एवं जीआरपी टीम ने तत्परता दिखाते हुए पाँचों महिलाओं को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम (1) सोनू गौतम नाड़े (40 वर्ष), पति गौतम नाड़े, (2) नयना शंकर नाड़े (32 वर्ष), पति शंकर नाड़े, (3) खुशबू (30 वर्ष), पति राजेश हाथागड़े, (4) शेषकला (35 वर्ष), पति दयालाल गायकवाड़ तथा (5) वनिता (25 वर्ष), पति संजय हाथागड़े, सभी निवासी रामेश्वरी रिंग रोड टोली, थाना अंजनी, जिला नागपुर, महाराष्ट्र बताया। विधिसम्मत तलाशी के दौरान सोनू गौतम नाड़े के कब्जे से चोरी किया गया लाल रंग का पर्स एवं उसमें रखा ₹45,900/- नगद बरामद हुआ, जबकि नयना शंकर नाड़े के कब्जे से सोने का प्रतीत होने वाला एक लॉकेट एवं ₹500/- नगद बरामद हुआ, जिसके संबंध में वह कोई संतोषजनक उत्तर प्रस्तुत नहीं कर सकी। पूछताछ के दौरान पाँचों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे संगठित गिरोह बनाकर रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, को निशाना बनाकर घेराबंदी कर उनके पर्स एवं अन्य कीमती सामान चोरी करती हैं। यह पूरा गिरोह महाराष्ट्र के नागपुर क्षेत्र का रहने वाला है तथा इनके आपराधिक इतिहास एवं अन्य राज्यों में संलिप्तता के संबंध में विस्तृत आपराधिक कुंडली खंगाली जा रही है। सभी अभियुक्ताओं के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। रेलवे परिसर में अपराधियों के विरुद्ध "ऑपरेशन यात्री सुरक्षा" के अंतर्गत आरपीएफ एवं जीआरपी का संयुक्त अभियान निरंतर जारी है।
Arrah, Bhojpur | Aug 5, 2026