स्टील मैन पहलवान बिजेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को पढ़ाया नशे के दुष्प्रभावों का पाठ
युवाओं को नशे और जंक फूड से बचाने के लिए स्टीलमैन बिजेंद्र सिंह का अभियान जारी, बच्चों को दिया स्वस्थ जीवन का संदेश
जंक फूड और नशा शरीर को करता है खोखला, दूध-दही और व्यायाम से बनेगा स्वस्थ व मजबूत भारत : पहलवान बिजेंद्र सिंह
भिवानी, 23 अक्तूबर : युवा शक्ति को नशे के दलदल से बाहर निकालने और उन्हें अनुशासित व स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय युवा जनकल्याण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, विश्व रिकॉर्डधारी और स्टीलमैन ऑफ इंडिया के नाम से प्रसिद्ध पहलवान बिजेंद्र सिंह का नशा विरोधी एवं स्वास्थ्य जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को गांव खरकलां स्थित दक्ष प्राइड स्कूल में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों, जंक फूड और फास्ट फूड से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें पारंपरिक देसी खान-पान और पौष्टिक आहार अपनाने के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया। इसके अलावा विद्यार्थियों के मार्गदर्शन के लिए कई ज्ञानवर्धक बातें साझा की गईं। कार्यक्रम को अधिक प्रभावकारी बनाने के लिए बड़ी स्क्रीन पर पर्दा लगाकर बच्चों को शिक्षाप्रद पिक्चर दिखाई गई तथा सभी विद्यार्थियों को जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय युवा जनकल्याण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पहलवान बिजेंद्र सिंह ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी देश का भविष्य है, लेकिन आधुनिकता के इस दौर में युवा नशे और अस्वास्थ्यकर खान-पान की चपेट में आ रहे हैं। जंक फूड और नशा दोनों ही शरीर को अंदर से खोखला कर देते हैं। उन्होंने बच्चों और युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि यदि हमें एक मजबूत, अनुशासित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है, तो हमें अपनी जड़ों की ओर लौटना होगा। हमारा पारंपरिक देसी खान-पान, दूध-दही, फल और हरी सब्जियां ही हमारे शरीर को वास्तविक शक्ति और ऊर्जा प्रदान करते हैं। नियमित व्यायाम और स्वस्थ दिनचर्या को अपनाकर ही युवा हर क्षेत्र में सफलता हासिल कर सकते हैं। हमारा लक्ष्य हर बच्चे और युवा को नशे व जंक फूड के कुचक्र से मुक्त कराकर एक स्वस्थ व सशक्त समाज का निर्माण करना है। स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए पहलवान बिजेंद्र सिंह का आभार व्यक्त किया और बच्चों को इन सीखों को अपने दैनिक जीवन में उतारने के लिए प्रेरित किया।
Bhiwani, Bhiwani | Oct 23, 2026