मऊ में एम्बुलेंस के स्टीकर और फर्जी नंबर प्लेट लगी कार से 45 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद, बिहार का तस्कर गिरफ्तार
मऊ के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में पुलिस ने शराब तस्करी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ताजोपुर के पास बढ़ुआ गोदाम–मतलूपुर हाईवे पर खड़ी अर्टिगा कार से 45 पेटी यानी 540 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, तस्करी में इस्तेमाल कार पर एम्बुलेंस का स्टीकर और फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी, ताकि पुलिस को चकमा दिया जा सके। बरामद शराब पर केवल हरियाणा में बिक्री के लिए अंकित है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार निवासी 23 वर्षीय नीरज कुशवाहा के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने अपने एक साथी के साथ फरीदाबाद से शराब लेकर बिहार जाने की बात बताई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।