पीलीबंगा नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव: भाजपा से अरविंद जोशी और कांग्रेस से पुरुषोत्तम दास सिंगला आमने-सामने, बाड़ेबंदी की तस्वीरें आईं सामने
#Lalbahadurbhakhar #नगरपालिकापीलीबंगा #ArvindJoshi #CMORajasthan #BJP
पीलीबंगा नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को होने वाले चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। अध्यक्ष की कुर्सी के लिए सीधा मुकाबला भाजपा के प्रत्याशी अरविंद जोशी और कांग्रेस के उम्मीदवार पुरुषोत्तम दास सिंगला के बीच तय हो गया है। दोनों ही पार्टियां नगर पालिका बोर्ड पर कब्जा जमाने के लिए पूरी ताकत झोंक रही हैं।
कुल 35 वार्डों वाली पीलीबंगा नगर पालिका में चुनावी गणित बेहद दिलचस्प मोड़ पर है। परिणामों के मुताबिक भाजपा के पास 18 और कांग्रेस के पास 15 पार्षद हैं, जबकि 2 पार्षद निर्दलीय चुने गए थे। दोनों निर्दलीय पार्षदों के भाजपा में शामिल होने के बाद पार्टी का आंकड़ा बढ़कर 20 तक पहुंच गया है, जिससे भाजपा का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।
इसी बीच भाजपा खेमे की बाड़ेबंदी से जुड़ी तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों में पार्टी के सभी पार्षद एक सभागार में एकजुट बैठे दिखाई दे रहे हैं, जहां पार्टी नेतृत्व उनके साथ चुनावी रणनीति पर चर्चा कर रहा है। क्रॉस वोटिंग के खतरे को भांपते हुए भाजपा अपने सभी 20 पार्षदों को एकजुट रखने में जुटी है, ताकि 21 सितंबर को अरविंद जोशी की जीत सुनिश्चित की जा सके। दूसरी ओर, कांग्रेस प्रत्याशी पुरुषोत्तम दास सिंगला के पक्ष में माहौल बनाने के लिए कांग्रेस भी रणनीति तैयार करने में लगी है।
Pilibanga, Hanumangarh | Sep 20, 2026