शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी की छात्राओं ने किया जिले का नाम रोशन
..............
लेटरल एंट्री से एसजीएसआईटीएस एवं आईईटी देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में मिला प्रवेश
............
सीएलसी राउंड में प्रवेश लेने की अपील
बड़वानी 07 अगस्त 2026/ शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय बड़वानी की सिविल इंजीनियरिंग विभाग की तीन मेधावी छात्राओं ने लेटरल एंट्री के माध्यम से प्रदेश के प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग संस्थानों में प्रवेश प्राप्त कर महाविद्यालय एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। छात्रा सपना कनासिया एवं करीना वासनिया का चयन एसजीएसआईटीएस इंदौर में तथा अनीषा चौहान का चयन देवी अहिल्या विश्व विद्यालय आईईटी इंदौर में बी-टेक पाठ्यक्रम हेतु हुआ है। यह सफलता महाविद्यालय में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुशासित अध्ययन वातावरण तथा शिक्षकों के सतत मार्गदर्शन का प्रतिफल है। छात्राओं की इस उपलब्धि से महाविद्यालय में हर्ष का वातावरण है।
महाविद्यालय के प्राचार्य श्री कमलेश गुप्ता ने तीनों छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि उनकी सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने अभिभावकों एवं विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे शैक्षणिक सत्र 2026-27 के सीएलसी राउंड का लाभ उठाकर शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय, बड़वानी में प्रवेश लेकर गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर अपने उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करें।
सिविल इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष श्री तरुण सोलंकी ने कहा कि पॉलीटेक्निक शिक्षा विद्यार्थियों को उच्च तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार के व्यापक अवसर प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन यह सिद्ध करता है कि समर्पण, नियमित अध्ययन और उचित मार्गदर्शन से बड़ी से बड़ी उपलब्धि प्राप्त की जा सकती है।
कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभागाध्यक्ष श्री तानिलाल ठाकुर ने बताया कि महाविद्यालय के कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के पूर्व छात्र भी लेटरल एंट्री के माध्यम से एसजीएसआइटीएस इंदौर जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश प्राप्त कर चुके हैं, जो विभाग की उत्कृष्ट शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण है। उन्होंने जिले के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से आग्रह किया कि वर्तमान सीएलसी राउंड तकनीकी शिक्षा प्राप्त करने का सुनहरा अवसर है। कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग शाखा में अब कुछ ही सीटें शेष हैं, इसलिए इच्छुक विद्यार्थी 14 अगस्त 2026 तक समय रहते प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण कर इस अवसर का लाभ उठाएं।
इस अवसर पर महाविद्यालय के वरिष्ठ व्याख्याता श्री पप्पू सिंह रावत, व्याख्याता श्री प्रदीप राठोर, श्री गौरव दाणे, अतिथि व्याख्याता श्रीमती तरुणा पाचूरेकर, श्रीमती भूमिका पाटीदार सहित समस्त स्टाफ द्वारा छात्राओं को बधाई देते हुए हर्ष व्यक्त किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।