अनियंत्रित ट्रक ने महिला की ली जान, दूसरी गंभीर घायल; हादसे के बाद मचा हड़कंप
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के आईटीएम पुलिस चौकी के पास बुधवार सुबह करीब पांच बजे भीषण सड़क हादसा हो गया। फरेंदा की ओर से महराजगंज जा रहा खाद्य तेल से लदा तेज रफ्तार ट्रक संख्या यूपी 25 बीटी 3866 अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद दो महिलाओं को चपेट में लेते हुए सड़क के दूसरी तरफ पलट गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ट्रक अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे मौजूद महिलाओं को अपनी चपेट में लेता हुआ पलट गया। टक्कर पलटने के दौरान की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए।
हादसे में चेहरी टोला, कोल्हुआजोत निवासिनी लक्ष्मीना (लगभग 21 वर्ष), पत्नी जय हिंद निषाद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी महिला पारस की पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया।
सूचना मिलते ही सदर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चालक और उसके सहकर्मी को हिरासत में लेकर पुलिस चौकी पर पूछताछ की जा रही है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं भीषण हादसे को लेकर ग्रामीणों में भी आक्रोश है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
Public maharajganj #Maharajganj #maharajganjnews #pharenda #NewsUpdate #RoadAccident #accident #RoadSafety #MaharajganjPolice #everyone #followers