शराब के नशे में धुत युवक ने महिला से की छेड़छाड़, विरोध करने पर साधु से की मारपीट।
मुरैना। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के चीनी हलवाई के पास रविवार को एक युवक ने शराब के नशे में महिला के साथ कथित रूप से छेड़छाड़ कर दी। जब पास में मौजूद एक साधु ने इसका विरोध किया तो आरोपी युवक ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि युवक ने साधु का कमंडल छीनकर उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे साधु घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी नहीं माना। इसके बाद रेलवे स्टेशन परिसर में भी उसने साधु के सिर पर दोबारा कमंडल से हमला कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को पकड़कर थाने ले गई। पुलिस ने घायल साधु का उपचार कराया और आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की जांच जारी है।