श्रावणी मेला को लेकर कुशेश्वरस्थान मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण
दरभंगा: श्रावणी मेला के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था को लेकर दरभंगा पुलिस लगातार सक्रिय है। इसी क्रम में 24 अगस्त 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा द्वारा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ कुशेश्वरस्थान मंदिर तथा आसपास के परिसर का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही कंट्रोल रूम में लगाए गए CCTV कैमरों का भी अवलोकन किया गया और निगरानी व्यवस्था की जानकारी ली गई।
इस दौरान विधि-व्यवस्था ड्यूटी में तैनात पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिसकर्मियों को आपातकालीन स्थिति से निपटने तथा भीड़ नियंत्रण को प्रभावी ढंग से बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने मंदिर की पूजा समिति के सदस्यों से भी बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली और मेला के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को लेकर आवश्यक निर्देश दिए।
श्रावणी मेला के अंतिम सोमवार को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी गई।