ऑपरेशन प्रहार-2.0: मक्के की बोरियों में छिपाकर ले जा रहे 20 क्विंटल 30 किलो गांजा जब्त, 3 करोड़ से अधिक की खेप सहित ट्रक पकड़ा; दो तस्कर गिरफ्तार
रीवा जिले के मनगवां थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ गांजा बरामद किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक में मक्का की बोरियां लोड थीं और उन्हीं के बीच गांजे की खेप को छिपाकर परिवहन किया जा रहा था।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ट्रक को रोककर तलाशी ली, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। बताया जा रहा है कि बरामद गांजे का वजन 20 क्विंटल से अधिक हो सकता है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस द्वारा जांच और तौल पूरी होने के बाद की जाएगी।
मौके से ट्रक सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई थी तथा इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। साथ ही इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।
यह पूरी कार्यवाही मनगवां थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और विस्तृत जानकारी जल्द साझा की जाएगी।