गुप्ता धाम में बाढ़ जैसे हालात! मंदिर परिसर में घुसा पानी, प्रसाद की दुकानें भी डूबीं; आवागमन बंद!
कैमूर पहाड़ी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार वर्षा के कारण प्रसिद्ध गुप्ता धाम मंदिर परिसर में बाढ़ जैसे हालात उत्पन्न हो गए हैं। मंदिर परिसर के आसपास पानी का स्तर तेजी से बढ़ने से वहां प्रसाद बेचने वाले दुकानदारों की दुकानें भी पानी में डूब गई हैं। अचानक बढ़े जलप्रवाह के कारण पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति बनी हुई है।
लगातार वर्षा के कारण कैमूर पहाड़ी से निकलने वाली पहाड़ी नदियों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। नदियों में तेज बहाव को देखते हुए वन विभाग ने गुप्ता धाम आने-जाने वाले मार्ग को फिलहाल पूरी तरह बंद कर दिया है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों के आवागमन पर रोक लगा दी गई है।
कैमूर पहाड़ी क्षेत्र के प्राकृतिक जलस्रोत भी उफान पर हैं। दुर्गावती बांध की ओर जाने वाले सड़क मार्ग पर स्थित खौरहा जलप्रपात समेत करीब चार-पांच अन्य जलप्रपातों में पानी का प्रवाह काफी तेज हो गया है।
वन विभाग के वन उप परिसर पदाधिकारी भीम कुमार ने बताया कि नदियों और जलप्रपातों का जलस्तर काफी बढ़ गया है। गुप्ता धाम जाने वाले मार्ग पर फिलहाल आवागमन बंद रखा गया है। विभागीय दल जलस्तर और मौसम की स्थिति पर लगातार निगरानी रख रहा है। जब तक मार्ग पूरी तरह सुरक्षित नहीं हो जाता, तब तक आवागमन शुरू नहीं किया जाएगा।