जालोर के सिरे मंदिर में फूलों से किया श्रृंगार : पीले, सफेद और गुलाबी पंखुड़ियों से लिखा 'आदेश', सुबह 4 बजे से मंदिरों में पहुंचने लगे श्रद्धालु। सावन माह के पहले सोमवार पर जालोर शहर और जिले के प्रमुख शिवालयों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया। सुबह 4 बजे से श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। सिरे मंदिर स्थित भवड़ गुफा में शिवलिंग को पीले, सफेद और गुलाबी फूलों से 'आदेश' लिखा और शिवलिंग का विशेष श्रृंगार किया गया। कई मंदिरों में रुद्राभिषेक और विशेष पूजा हुई। हल्की बूंदाबांदी के बीच भी दर्शन का क्रम जारी रहा। सोमवार सुबह करीब 4 बजे से ही श्रद्धालु शिवालयों में पहुंचने लगे। सफेद धोती-कुर्ता पहने युवाओं की टोलियां भक्ति गीतों और हर-हर महादेव के जयकारों के साथ मंदिरों में पहुंचीं। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों ने भी भगवान शिव का जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की। सुबह हुई हल्की बूंदाबांदी के बावजूद श्रद्धालुओं की भीड़ लगातार बढ़ती रही। कई भक्तों ने इसे भगवान शिव पर इंद्रदेव का प्राकृतिक अभिषेक माना। बारिश के बीच भी श्रद्धालु कतारों में खड़े होकर दर्शन और पूजा करते रहे।
Jalor, Jalor | Aug 3, 2026