मेरा युवा भारत ने शुरू किया राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों का 6 दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम
सीतामढ़ी में “युवा क्लब भ्रमण एवं संवाद कार्यक्रम” के तहत प्रशिक्षण का शुभारंभ, सांसद देवेश चंद्र ठाकुर ने किया उद्घाटन
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत (MY Bharat), सीतामढ़ी के तत्वावधान में सीतामढ़ी एवं शिवहर जिले के चयनित राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवकों के लिए 6 दिवसीय आवासीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET), सीतामढ़ी में हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन 22 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है।
कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन सीतामढ़ी के सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर युवा स्वयंसेवक चयन समिति के सदस्य श्री चूनचून जी एवं श्री आदित्य जी सहित अन्य अतिथिगण, मेरा युवा भारत के अधिकारी एवं प्रशिक्षण में भाग ले रहे स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
उद्घाटन सत्र में अतिथियों का स्वागत, दीप प्रज्वलन, वंदे मातरम्, प्रतिभागियों का परिचय, प्रशिक्षण से पूर्व मूल्यांकन तथा प्रशिक्षण के उद्देश्य एवं अपेक्षाओं पर चर्चा की गई। प्रशिक्षणार्थियों को अनुशासन, समयबद्धता, शिष्टाचार, नेतृत्व एवं सामाजिक उत्तरदायित्व के संबंध में भी मार्गदर्शन दिया गया।
युवाओं को राष्ट्र निर्माण की शक्ति बनाना उद्देश्य : सांसद
इस अवसर पर सांसद श्री देवेश चंद्र ठाकुर ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं और समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्वयंसेवकों से आह्वान किया कि वे प्रशिक्षण से प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को केवल व्यक्तिगत विकास तक सीमित न रखें, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सेवा भावना, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
सांसद ने कहा कि ग्रामीण एवं स्थानीय स्तर पर युवाओं की सक्रिय भागीदारी से सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, नशा मुक्ति, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा अन्य जनकल्याणकारी अभियानों को और प्रभावी बनाया जा सकता है।
मेरा युवा भारत, सीतामढ़ी के उपनिदेशक श्री राकेश कुमार ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा एवं उद्देश्यों की जानकारी देते हुए कहा कि यह प्रशिक्षण युवाओं को केवल योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार युवा स्वयंसेवक, प्रभावी नेतृत्वकर्ता और सामाजिक परिवर्तन के वाहक के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण के दौरान MY Bharat की भूमिका, युवा क्लबों से जुड़ाव, नेतृत्व विकास, स्वयंसेविता, सामाजिक परिवर्तन, राष्ट्रीय निर्माण तथा विभिन्न युवा गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण के प्रथम दिन स्वयंसेवकों को विभिन्न सत्रों के माध्यम से व्यापक जानकारी दी गई। प्रशिक्षण की शुरुआत प्रतिभागियों के आगमन, पंजीकरण, अपेक्षाओं के संकलन एवं प्रशिक्षण किट वितरण से हुई।
इसके बाद युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा मेरा युवा भारत (MY Bharat) के परिचय, MY Bharat के विजन, मिशन एवं संरचना, MY Bharat की विभिन्न गतिविधियों तथा NSS, Scouts & Guides, Youth Clubs, UNV एवं NGOs सहित युवा क्षेत्र में कार्यरत विभिन्न संस्थाओं के साथ समन्वय जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया।
दोपहर के सत्र में National Youth Core (NYC) Scheme के अंतर्गत National Youth Core/NYV की भूमिका, उद्देश्य एवं दायरा, NYC Portal तथा युवा स्वयंसेवकों की जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी दी गई। इसके बाद “Volunteering as a Tool for Leadership Development” विषय पर स्वयंसेविता, नेतृत्व विकास, सामाजिक परिवर्तन एवं राष्ट्र निर्माण में स्वयंसेवकों की भूमिका, युवा को Change Agent के रूप में विकसित करने तथा स्वयंसेवकों के लिए आवश्यक कौशल पर विस्तार से चर्चा हुई।
दिन के अंतिम सत्र में खेल एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से स्वयंसेवकों में टीम भावना, रचनात्मकता एवं सहभागिता की भावना विकसित करने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को समूह आधारित गतिविधियों, संवाद, अनुभव साझा करने तथा व्यावहारिक अभ्यास के माध्यम से सीखने का अवसर भी प्रदान किया जा रहा है।
6 दिनों तक चलेगा आवासीय प्रशिक्षण
छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को MY Bharat एवं युवा कार्यक्रमों की समझ, नेतृत्व एवं व्यक्तित्व विकास, स्वयंसेविता, सामाजिक उत्तरदायित्व, युवा क्लबों के साथ कार्य, टीम निर्माण, संचार कौशल, खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों तथा समाज एवं राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से संबंधित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों एवं Resource Persons द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मेरा युवा भारत, सीतामढ़ी द्वारा आयोजित यह प्रशिक्षण युवाओं में नेतृत्व, सेवा भावना एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।