आज जिला पदाधिकारी ,बांका के निदेशानुसार प्रखंड अमरपुर अंतर्गत उच्च विद्यालय फतेहपुर कठेल,में 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत 'सखी वार्ता' जागरूकता कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय की छात्राओं तथा किशोरियों को उनके अधिकारों, सुरक्षात्मक उपायों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक करना था।
इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में 'जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन' (DHEW), बांका के जेंडर स्पेशलिस्ट एवं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ उपस्थित हुए। उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए 'बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ' योजना के मूल उद्देश्यों पर विस्तृत प्रकाश डाला और बालिकाओं की शिक्षा व उनके सामाजिक उत्थान को अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम के दौरान जेंडर स्पेशलिस्ट और वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ द्वारा केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार द्वारा महिलाओं, बालिकाओं और किशोरियों के कल्याण के लिए चलाई जा रही विभिन्न महत्वपूर्ण एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही, समाज में व्याप्त बाल विवाह जैसी कुप्रथा के और इसकी रोकथाम के लिए बने कड़े कानूनों व सामाजिक उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।
छात्राओं को सुरक्षा और सहायता प्रणाली के बारे में बताते हुए 'वन स्टॉप सेंटर' की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, किसी भी आपातकालीन स्थिति या सहायता के लिए चाईल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और महिला हेल्पलाइन नंबर 181 की विस्तृत जानकारी दी गई, ताकि छात्राएं आवश्यकता पड़ने पर इनका उपयोग कर सकें।
इस महत्वपूर्ण और ज्ञानवर्धक जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं और भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने अत्यंत उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने जानकारियों को ध्यानपूर्वक समझा और समाज में बाल विवाह की रोकथाम व बेटियों को उच्च शिक्षा दिलाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
127 views | Banka, Bihar | Jul 10, 2026