प्यार किसी और से, शादी किसी और से... अब चार महीने के बच्चे को गोद में लेकर न्याय की गुहार
पलवल। उत्तर प्रदेश के चंदोरी गांव की रहने वाली तन्नू नामक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और धोखा देने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता के अनुसार उसकी शादी 15 मई 2025 को दीघोट निवासी अंकित के साथ हुई थी, लेकिन शादी के कुछ समय बाद ही उसकी जिंदगी मुश्किलों से घिर गई।
सदर थाना में दर्ज शिकायत के मुताबिक, ससुराल पक्ष के लोग उससे अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे और मांग पूरी न होने पर उसके साथ मारपीट की गई। तन्नू का आरोप है कि उसका पति पहले से ही किसी अन्य युवती से प्रेम संबंध में था और शादी के बाद भी उससे लगातार बातचीत करता रहता था। जब उसने इसका विरोध किया तो उसके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट शुरू कर दी गई।
पीड़िता का कहना है कि 1 जुलाई 2025 को उसका पति उसे मायके छोड़ गया। उस समय वह एक माह की गर्भवती थी। आज वह अपने चार महीने के बच्चे को गोद में लेकर न्याय की गुहार लगा रही है। उसका आरोप है कि पति ने बाद में उसी युवती से शादी कर ली जिससे वह पहले प्रेम करता था। तन्नू का कहना है कि पति तलाक की कानूनी प्रक्रिया पूरी किए बिना दूसरी शादी करने के मामले से बचने के लिए उसे चार लाख रुपये देकर समझौता करना चाहता है।
तन्नू ने भावुक होते हुए कहा कि उसकी जिंदगी बर्बाद हो चुकी है। उसके सामने सबसे बड़ी चिंता अपने मासूम बच्चे के भविष्य और पालन-पोषण की है। उसका कहना है कि फिलहाल माता-पिता उसका सहारा हैं, लेकिन उनके बाद उसका और उसके बच्चे का क्या होगा, यही सबसे बड़ा सवाल है।
मामले में डीएसपी मनोज वर्मा ने बताया कि शिकायतकर्ता द्वारा अब तक शादी का कोई दस्तावेजी प्रमाण उपलब्ध नहीं कराया गया है। वहीं सदर थाना प्रभारी ने कहा कि मामले में आरोपी पति को जांच में शामिल कर गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि आरोपी सास आदि की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Palwal, Palwal | Jun 24, 2026