पीजी कॉलेज खरगोन में मनाया गया रसायन विज्ञान दिवस
________________
आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के वैज्ञानिक एवं स्वदेशी उद्योगों में योगदान पर हुआ उद्बोधन
________________
‘भारतीय विज्ञान एवं उद्योग में आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय का योगदान’ विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित
________________
खरगोन 12 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ के अंतर्गत रसायन शास्त्र विभाग द्वारा महान भारतीय वैज्ञानिक, शिक्षाविद एवं स्वदेशी उद्योगों के प्रणेता आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय की जयंती ‘रसायन विज्ञान दिवस’ के रूप में गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारत की वैज्ञानिक परंपरा, स्वदेशी चिंतन तथा आचार्य राय के जीवन एवं वैज्ञानिक योगदान से परिचित कराना था।
कार्यक्रम में प्रो. कैलाश चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय केवल महान रसायनशास्त्री ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्त, समाजसेवी और आदर्श शिक्षक भी थे। उन्होंने अपना जीवन वैज्ञानिक अनुसंधान, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन तथा स्वदेशी उद्योगों के विकास के लिए समर्पित किया। उनका व्यक्तित्व आज भी युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।
डॉ. सुनैना चौहान ने आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के जीवन, पारिवारिक पृष्ठभूमि, शिक्षा एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को आचार्य राय के आदर्शों एवं वैज्ञानिक दृष्टिकोण को अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
प्रो. सचिन यादव ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के जीवन, शिक्षा, शोध कार्य तथा भारतीय रसायन विज्ञान के विकास में उनके ऐतिहासिक योगदान की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नाइट्राइट यौगिकों पर महत्वपूर्ण अनुसंधान के कारण आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय को ‘मास्टर ऑफ नाइट्राइट्स’ के नाम से भी जाना जाता है। उन्होंने स्वदेशी रासायनिक उद्योग की स्थापना तथा भारतीय वैज्ञानिक चेतना को सशक्त बनाने में उनके योगदान पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर ‘भारतीय विज्ञान एवं उद्योग में आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय का योगदान’ विषय पर निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने विचार प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम में रसायन शास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. एस.आर. डावर, डॉ. यू.एस. बघेल, डॉ. सुनैना चौहान, डॉ. योगेंद्र सिंह चौहान, प्रो. कैलाश चौहान, प्रो. सचिन यादव, प्रो. अशोक वास्कले, प्रो. स्वप्निल पाटिल सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone