#जिला_एवं_सत्र_न्यायाधीश_उपेन्द्र_शर्मा_ने_पदभार_संभालने_के_दूसरे_ही_दिन_तालुकों_का_किया_दौर_________
#बृजनगर_________
राष्ट्रीय लोक अदालत (10 अक्टूबर), मध्यस्थता (Mediation) एवं 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे' (Transformative Tuesday) अभियान पर सघन चर्चा
तालुका विधिक सेवा समितियों के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर दिया विशेष बल
जिला एवं सत्र न्यायाधीश उपेन्द्र शर्मा ने जिला डीग में विधिवत पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन सक्रियता दिखाते हुए आज मंगलवार, दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को तालुका विधिक सेवा समिति बृजनगर एवं तालुका विधिक सेवा समिति सीकरी का सघन दौरा कर महत्वपूर्ण प्रशासनिक व विधिक समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता की।
बैठकों की अध्यक्षता करते हुए जिला एवं सत्र न्यायाधीश महोदय ने आगामी 10 अक्टूबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल क्रियान्वयन, व्यापक प्रचार-प्रसार तथा तालुका विधिक सेवा समितियों के आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से अधिक से अधिक लंबित व प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी समझाइश एवं राजीनामे के आधार पर निस्तारण कराया जाए, जिससे आमजन को सुलभ, त्वरित व सस्ता न्याय मिल सके।
इसके साथ ही बैठक में मध्यस्थता (Mediation) के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लंबित प्रकरणों को मध्यस्थता केंद्र रेफर करने पर बल दिया गया, ताकि पक्षकारों के मध्य विवादों का सौहार्दपूर्ण व स्थायी समाधान हो सके। वहीं न्यायिक एवं प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सकारात्मक सुधार लाने तथा आमजन को सुगम व त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूसडे' (Transformative Tuesday) अभियान के तहत तालुका स्तर पर विधिक सेवा केंद्रों की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, सक्रिय एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश दिए गए।
इन बैठकों में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव श्री राम किशन शर्मा, तालुका अध्यक्ष एवं अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश (बृजनगर) निखिल सिंह, तालुका विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीकरी) मुकेश कुमार, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 01 रिंकू कुमार, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संख्या 02 श्री प्रतीक दाधीच एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री फाल्गुनी गर्ग उपस्थित रहे एवं बृजनगर के सभी अधिवक्तागण उपस्थित रहे
बैठक के अंत में सभी न्यायिक अधिकारियों ने आगामी 10 अक्टूबर की राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने, मध्यस्थता को बढ़ावा देने तथा विधिक सेवा कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से धरातल पर क्रियान्वित करने का संकल्प लिया।
Nagar, Bharatpur | Oct 7, 2026