धौलपुर पुलिस ने पुलिस शहीद दिवस पर वीर शहीदों को किया नमन
पुलिस लाइन में शस्त्र झुका कर दी गई शोक सलामी, 144 राउंड फायरिंग कर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित पुलिस अधिकारियों एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने किया वृक्षारोपण, शहीदों की वीरांगनाओं का शॉल ओढ़ाकर किया सम्मान*
राष्ट्र की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था एवं आमजन की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में बुधवार को पुलिस लाइन धौलपुर में पुलिस शहीद दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान सहित पुलिस अधिकारियों, जवानों एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया तथा उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और सर्वोच्च बलिदान को याद किया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने देश के विभिन्न राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों एवं अर्द्धसैनिक बलों के 154 शहीद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नाम एवं पदनाम का वाचन कर उनके बलिदान को स्मरण किया। पुलिस लाइन मैदान स्थित शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। सम्मान गार्ड ने शस्त्र झुका कर शोक सलामी दी तथा दिवंगत आत्माओं की स्मृति में दो मिनट का मौन रखा गया। पुलिस बैंड द्वारा ‘लास्ट पोस्ट’ धुन बजाकर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। समारोह के दौरान तीन चक्रों में कुल 144 राउंड फायरिंग कर शहीदों को सम्मानपूर्वक सलामी दी गई। शहीद दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण किया। इस पहल के माध्यम से शहीद पुलिसकर्मियों की स्मृति को चिरस्थायी बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। समारोह के दौरान पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने धौलपुर पुलिस के शहीद पुलिसकर्मियों की वीरांगनाओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर शहीदों के परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदना एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके त्याग और बलिदान को राष्ट्र की अमूल्य धरोहर बताया गया। उल्लेखनीय है कि 21 अक्टूबर 1959 को भारत-चीन सीमा पर लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के साथ मुठभेड़ के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के दस जवान शहीद हो गए थे। उन्हीं वीर जवानों के बलिदान की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस अथवा पुलिस शहीद दिवस मनाया जाता है। यह दिवस देश की सुरक्षा एवं नागरिकों की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, वृत्ताधिकारी धौलपुर प्रदीप नेहरा, थाना कोतवाली, निहालगंज एवं सदर धौलपुर के थानाधिकारीगण, एल.ओ. मोहन सिंह, हवलदार मेजर श्री जसराम सहित पुलिस अधिकारी, जवान एवं बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
#DholpurNews #highlight #highlightseveryone #followerseveryone #follower