जन्माष्टमी पर कलेक्टर ने किया गौ-पूजन, क्षीरधारा गौशाला की व्यवस्थाओं का लिया जायजा
टीकमगढ़। जन्माष्टमी के पावन पर्व पर शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने ग्राम बौरी स्थित क्षीरधारा गौशाला पहुंचकर गौ-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गौवंश के रख-रखाव, चारा-पानी एवं अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने ग्राम बौरी निवासी पशुपालक हरिराम यादव के घर पहुंचकर उनके पशुपालन कार्य का अवलोकन किया। हरिराम यादव अपने दोनों बेटों के साथ पशुपालन का कार्य कर रहे हैं। उपसंचालक पशुपालन डॉ. आर.के. जैन ने कलेक्टर को कृत्रिम गर्भाधान तकनीक से जन्मी गायों की जानकारी देते हुए विभागीय योजनाओं से अवगत कराया।
कलेक्टर ने कहा कि पशुपालन ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने पशुपालकों से शासन की विभिन्न योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।