*चाकू अड़ाकर लूट के मामले में नाबालिग समेत 3 गिरफ्तार*
*स्कूटी और मोबाइल बरामद*
सतना। कोलगवां थाना पुलिस ने चाकू अड़ाकर मोबाइल और स्कूटर लूटने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 12 जुलाई की रात को अमित श्रीवास्तव 23 वर्ष, निवासी आदर्श नगर-नईबस्ती, अपने दोस्त अश्वनी शुक्ला के साथ आईटीआई कॉलेज के पास बातचीत कर रहे थे, तभी बाइक पर तीन बदमाश आए और चाकू अड़ाकर मारपीट करते हुए मोबाइल फोन समेत स्कूटर क्रमांक एमपी 19 जेडजे 7413 लूट ले गए।
*सीसीटीवी से मिला सुराग*
इस वारदात की शिकायत मिलने पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की गई और मुखबिरों को सक्रिय करने के साथ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर तीन बदमाशों को चिन्हित किया गया, जिनकी पहचान निखिल पुत्र संतोष बाल्मीक 19 वर्ष, भारत उर्फ राजेन्द्र उर्फ छोटू पुत्र पप्पू बंसल 21 वर्ष और एक नाबालिग के रूप में की गई। तीनों को बुधवार को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो आरोपियों ने जुर्म कबूल करते हुए लूटा गया मोबाइल और स्कूटी बरामद करा दी। तब निखिल और भारत को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया है।