नानकमत्ता हत्याकांड का 24 घंटे में खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
फायरिंग में सतनाम सिंह की हुई थी मौत, तमंचा-कारतूस बरामद 04 आरोपी अभी फरार।
नानकमत्ता में फायरिंग कर 35 वर्षीय सतनाम सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है। वहीं मामले में फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पूरा मामला 18 अक्टूबर का है। ग्राम सिद्धानवदिया निवासी सोनू सिंह ने नानकमत्ता कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और उसके साथियों ने उसके घर पर पथराव किया और अवैध तमंचे से फायरिंग की।फायरिंग के दौरान सोनू सिंह के भाई 35 वर्षीय सतनाम सिंह को गोली लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी उधमसिंह नगर के निर्देशन में एसपी रुद्रपुर और सीओ खटीमा के नेतृत्व में पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया।पुलिस ने बयान, साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए 19 अक्टूबर को दो मुख्य आरोपियों कुलदीप सिंह उर्फ बंटी और हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को मटिहा बॉर्डर से गिरफ्तार कर लिया।पुलिस के अनुसार कुलदीप सिंह के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों के खिलाफ खटीमा और नानकमत्ता क्षेत्र में पहले से भी विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।वहीं इस हत्याकांड में नामजद चार अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस जांच में घटना के पीछे चल रहे विवाद की भी पड़ताल की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मामले में और अहम खुलासे होने की संभावना है।