दिनदहाड़े शिक्षकों की गाड़ी के सामने आ धमका गुलदार, मचा हड़कंप
चमधार-देवलगढ़ रोड पर चमियाला गदेरे के पास अचानक सड़क पर आया गुलदार, शिक्षकों ने वाहन रोककर बनाया वीडियो
श्रीनगर। चमधार-देवलगढ़ रोड पर उस समय हड़कंप मच गया, जब स्कूल से वापस लौट रहे शिक्षकों की गाड़ी के सामने अचानक गुलदार आ धमका। दिनदहाड़े सड़क पर गुलदार को देख वाहन में सवार शिक्षक भी सहम गए। कुछ देर तक गुलदार सड़क के आसपास ही मंडराता रहा, जिसके बाद वह जंगल की ओर चला गया।
बताया गया कि शिक्षक स्कूल की छुट्टी के बाद वाहन से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान चमियाला गदेरे के पास अचानक गुलदार सड़क पर दिखाई दिया। गुलदार को देखते ही चालक ने वाहन रोक दिया। इस दौरान शिक्षकों ने गुलदार का वीडियो भी बनाया। दिन के समय आबादी और सड़क के नजदीक गुलदार की मौजूदगी से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार गुलदार की सक्रियता देखी जा रही है। सड़क पर आवाजाही के दौरान भी गुलदार दिखाई देने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है।
दिनदहाड़े सड़क पर गुलदार के दिखाई देने की घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में मानव-वन्यजीव संघर्ष की चिंता बढ़ा दी है। लोगों ने बच्चों और राहगीरों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।