बच्चों को झकझोरकर जमीन पर पटकता भगत, चार साल से श्मशान में ‘इलाज’ का खेल
परिहार प्रखंड के महादेवपट्टी गांव में बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद हड़कंप मच गया है। वीडियो में लाल कपड़ों में एक कथित भगत बच्चों को झकझोरता, पैर पड़कर बेरहमी से हवा में नचाता और फिर आखिर में जमीन पर फेंकता दिखाई दे रहा है। दावा किया जा रहा है की वीडियो में नजर आता भगत थाना क्षेत्र के महादेव पट्टी गांव निवासी रास नारायण महतो का पुत्र श्रवण भगत है। दवा यह भी है कि भगत द्वारा तंत्र मंत्र एवं टोटके के द्वारा कई अलग-अलग तरह के दिव्यांग बच्चों को ठीक किया जाता है। इसके अलावा अन्य भी कई प्रकार की समस्याओं का समाधान का भरोसा दिलाया जाता है।
बताया जा रहा है कि महादेवपट्टी के श्मशान परिसर में पिछले करीब चार वर्षों से प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को इलाज का यह अनोखा धंधा चल रहा है। जिसमें हजारों की संख्या में लोग अपनों का इलाज का आस लगाए पहुंचते हैं।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले में संज्ञान लिया है। थानाध्यक्ष पंकज यादव ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पुलिस टीम को भी गांव में भेजा गया था। फिलहाल भगत से मुलाकात नहीं हो सकी है। इसकी जांच की जा रही है।
श्मशान में बच्चों के साथ इस तरह का व्यवहार कब से और किसके संरक्षण में चल रहा था, यह भी जांच का विषय बन गया है। वीडियो ने पूरे मामले की पोल खोल दी है। अब पुलिस की जांच पर नजर है कि बच्चों के साथ होने वाले इस व्यवहार पर कब और क्या कार्रवाई होती है।