सीएनजी पंप पर गैस भर रही थी कार... अचानक हुआ जोरदार धमाका... और देखते ही देखते कार के पिछले हिस्से के परखच्चे हवा में उड़ गए! धमाके की आवाज से पूरा पंप दहल उठा, शीशे और कार के टुकड़े दूर तक जा गिरे... लेकिन गनीमत रही कि कार में उस वक्त कोई मौजूद नहीं था।
गुजरात के वडोदरा जिले से सीएनजी पंप पर हुए जोरदार ब्लास्ट की तस्वीरें सामने आई हैं। घटना करजण के पास नेशनल हाईवे-48 पर स्थित एक सीएनजी पंप की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के मुताबिक, जिंदाल कंपनी के सामने बने सीएनजी पंप पर एक कार चालक अपनी गाड़ी में गैस भरवाने के लिए पहुंचा था। सुरक्षा प्रक्रिया के तहत कार में सवार सभी लोग गाड़ी से नीचे उतर गए थे।
इसके बाद पंप कर्मचारी कार में सीएनजी भरने लगा। गैस की फिलिंग के दौरान ही अचानक कार के गैस टैंक में जोरदार विस्फोट हो गया।
धमाका इतना तेज था कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। कार के पतरे और शीशे के टुकड़े दूर-दूर तक जा गिरे। अचानक हुए इस धमाके से सीएनजी पंप पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी सहम गए। कुछ ही पलों में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि विस्फोट की चपेट में आने से पास खड़े दो अन्य वाहनों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है।
सबसे राहत की बात ये रही कि जिस वक्त कार में सीएनजी भरी जा रही थी, उस समय कार के अंदर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। अगर लोग कार के अंदर होते या बेहद करीब खड़े होते, तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
घटना की सूचना मिलते ही करजण फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्काल स्थिति को नियंत्रित किया और आसपास के इलाके को सुरक्षित किया।
अब सबसे बड़ा सवाल है कि आखिर सीएनजी टैंक में ब्लास्ट क्यों हुआ?
क्या टैंक में कोई तकनीकी खराबी थी? क्या टैंक की गुणवत्ता या उसकी एक्सपायरी से जुड़ा कोई मामला था? या फिर गैस सिस्टम के किसी दूसरे हिस्से में तकनीकी खामी के कारण ये विस्फोट हुआ?
फिलहाल ब्लास्ट की असली वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस और तकनीकी टीम मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि कार के सीएनजी टैंक में विस्फोट किन परिस्थितियों में हुआ।
इस घटना ने एक बार फिर सीएनजी वाहनों में लगे गैस टैंक और उनकी नियमित जांच को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल राहत की बात यही है कि इस भीषण धमाके में किसी की जान जाने की सूचना नहीं है।
#CNGBlast #CNGPump #GujaratNews #Vadodara #Karjan #NH48 #CarBlast #BreakingNews #ViralVideo #ViralNews #Gujarat #CNGCar #BlastNews #CitySpecialNews #LatestNews
Hardwar, Haridwar | Oct 6, 2026