बदायूं: मालगांव हॉल्ट पर पैसेंजर ट्रेन के इंजन में लगी आग, तीन घंटे बाधित रहा रेल संचालन
बदायूं जनपद के बिनावर थाना क्षेत्र स्थित मालगांव हॉल्ट पर सोमवार को बरेली–कासगंज पैसेंजर ट्रेन के इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। स्थिति को भांपते हुए लोको पायलट सर्वेश कुमार ने तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोक दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
इसके बाद चालक दल और गाड़ी प्रबंधक ने फायर इंस्ट्रूमेंट की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतार दिया गया। इंजन में तकनीकी खराबी के चलते बरेली से दूसरा इंजन मंगाया गया। इंजन बदलने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद ट्रेन को कासगंज के लिए रवाना किया गया।
इस घटना के चलते रेलवे का संचालन लगभग तीन घंटे तक प्रभावित रहा। #
Budaun, Budaun | Aug 3, 2026